Breaking
17 Oct 2024, Thu

आगरा के थाना बसई जगनेर क्षेत्र में सोमवार की रात बदमाशों ने नया गांव के ग्राम प्रधान के परिवार पर कहर बरपाया। हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक लूटपाट की। विरोध करने पर बुजुर्ग महिला की गोली मारकर हत्या कर दी।  मंगलवार तड़़के जब घटना की जानकारी दूसरे मकान में रह रहे ग्राम प्रधान और ग्रामीणों को हुई तो सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ गांव पहुंच गए।  पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया।

सोमवार रात तकरीबन साढ़े 12 बजे ग्राम प्रधान धारा जीत सिंह के चचेरे भाई हेत सिंह के घर पर बदमाशों ने धावा बोलकर परिवार को बंधक बना लिया। हेत सिंह और उनकी मां संतो देवी (70) ने बदमाशों का विरोध किया तो उन्हें बेरहमी से पीटा गया।

इसके बाद हथियारबंद बदमाश घर में लूटपाट करने लगे। इस बीच हेत सिंह ने शोर मचा दिया तो बदमाशों ने गोली चला दी। जो मां संतो देवी को लगी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज से ग्रामीणों के जागने पर बदमाश भाग गए।

सूचना मिलते ही मृतक संतो देवी का भतीजा धारा जीत सिंह ग्रामीण के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर थाना पुलिस के साथ अधिकारी गांव पहुंच गए। घटनास्थल पर छानबीन की गई, लेकिन बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

By #AARECH