Breaking
17 Oct 2024, Thu

आगरा, यूपी 

उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। न्यू आगरा स्थित दीवानी परिसर में हमलावर ने उन्हें एक के बाद एक तीन गोली मारीं। आगरा की अधिवक्ता दरवेश सिंह यूपी बार काउंसिल की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गई थीं। बुधवार को आगरा पहुंचीं थीं जहां दीवानी परिसर में उनका स्वागत कार्यक्रम चल रहा था।

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब तीन बजे दरवेश यादव वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद कुमार मिश्रा के चैंबर में बैठी हुई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एडवोकेट मनीष शर्मा यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश सिंह के पास पहुंचे। दरवेश यादव और अधिवक्‍ता मनीष शर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अधिवक्ता मनीष शर्मा ने दरवेश यादव को लगातार तीन गोली मारीं, दरवेश वहीं गिर गईं। गोली चलने से दीवानी परिसर में अफरा तफरी फैल गई। जनाकरी के मुताबिक इसके बाद मनीष शर्मा ने खुद को भी एक गोली मार ली। पुलिस ने दोनों को दिल्‍ली गेट स्थित पुष्‍पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया। फिलहाल विवाद के कारण का अभी कुछ पता नहीं चल सका है।

मालूम हो कि दो दिन पहले ही दरवेश यादव उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। यूपी बार काउंसिल के इतिहास में वे पहली महिला अध्यक्ष बनी थीं। यूपी बार काउंसिल का चुनाव रविवार को प्रयागराज में हुआ था। दरवेश सिंह मूल रूप से एटा की रहने वाली हैं। 2016 में वे बार काउंसिल की उपाध्यक्ष और 2017 में कर्यकारी अध्यक्ष रह चुकी हैं। वे पहली बार 2012 में सदस्य पद पर विजयी हुई थीं। तभी से बार काउंसिल में सक्रिय रहीं। उन्होंने आगरा कॉलेज से विधि स्नातक की डिग्री हासिल की। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (आगरा विश्वविद्यालय) से एलएलएम किया। उन्होंने 2004 में वकालत शुरू की।

दरवेश यादव को गंभीर हालत में पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां दरवेश सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमले के आरोपी एडवोकेट मनीष शर्मा भी अस्पताल में भर्ती है।

By #AARECH