मैनपूरी, यूपी
बुलंदशहर हिंसा में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। वहीं उन लोगों पर भी नजर रखी जा रही है, जो घटना से पहले इन लोगों के संपर्क में थे। ऐसे ही दो युवकों को बुलंदशहर पुलिस ने मैनपुरी से उठाया है।
बुलंदशहर पुलिस ने बुधवार देर रात को मैनपुरी के मोहल्ला महमूदनगर में दबिश दी। यहां रहने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों को अपने साथ बुलंदशहर ले गई है। इस कार्रवाई की सूचना मैनपुरी पुलिस को नहीं दी गई।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक बुलंदशहर हिंसा के आरोपियों से फोन पर संपर्क में थे। सर्विलांस से पुलिस इन तक पहुंची। मामले में स्थानीय पुलिस कुछ भी बताने से कतरा रही है। वहीं दोनों के परिजनों को भी कुछ नहीं मालूम है।
बता दें कि 3 दिसंबर को बुलंदशहर जिले में गोकशी की सूचना पर हुई हिंसा में भीड़ ने पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह सहित दो लोगों की जान ले ली। एटा के रहने वाले सुबोध कुमार स्याना कोतवाली में तैनात थे। घटना के पीछे बड़ी साजिश मानी जा रही है।