लखनऊ, यूपी
पिछले दिनों सपा की हंगामी बैठक में सीएम अखिलेश की तारीफ करने पर जावेद आब्दी को धक्का देकर पोडियम से हटा दिया गया था। जावेद आब्दी को खुद प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने धक्का दिया था। अब सीएम अखिलेश यादव ने सपा नेता जावेद आब्दी को सिंचाई विभाग का सलाहकार बना दिया है। जावेद आब्दी अमरोहा के रहने वाले हैं और धक्का खाने के बाद सीएम अखिलेश यादव के खासे नजदीकी हो गए हैं।
सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि सिंचाई विभाग ने उनकी तैनाती का आदेश जारी कर दिया। आब्दी पिछले दिनों तब चर्चा में आए जब सपा के रजत जयंती समारोह में प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने उन्हें लगभग धकियाते हुए माइक छीन लिया और पोडियम से हटा दिया था। ऐसा उन्होंने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का संकेत मिलने पर किया था।
मालूम हो कि सपा सरकार बनने पर जावेद आब्दी को कुछ अरसे बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया था। बाद में उन्हें इस पद से चलता कर दिया। कुछ वक्त बीतने के बाद थोड़े समय के लिए उन्हें दूर संवेदी परिषद में न्युक्ति किया गया था। खास बात यह है कि पहले शिवपाल यादव के पास सिंचाई विभाग था। अब आब्दी को उसी विभाग में सलाहकार बना दिया गया है।