सऊदी अरब
सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। ये कार्रवाई भ्रष्टाचार के मामले को लेकर की गई है। इस कार्रवाई में 11 राजकुमारों और एक दर्जन पूर्व मंत्रियों को गिरफ्तार किया है। जिन राजकुमारों को गिरफ्तार किया गया है उनमें कई बड़े पदों पर तैनात हैं। इसमें कई उच्च प्रशासनिक पद पर तैनात थे। गिरफ्तार होने वालों में दुनिया के सबसे रईस प्रिंस भी शामिल हैं। वहीं कुछ लोग इसे तख्तापलत की आशंका के चलते की गई कार्रवाई मान रहे हैं।
ये कार्रवाई सऊदी अरब में अभी हाल ही में बने के नवनिर्मित भ्रष्टाचार निरोधी आयोग ने की है। इसकी जानकारी अल अरबिया टीवी चैनल ने सूत्रों के हवाले ये जानकारी दी है। ये गिरफ्तारियां ऐसे समय में की गईं हैं जब सऊदी के ताकतवर क्राउन प्रिंस मुहम्मद-बिन-सलमान ने भ्रष्टाचार निरोधी आयोग का पदभार संभाला है। सऊदी के शाही आदेश के बाद इस आयोग की स्थापना की गई थी।
इस मामले में अल अरबिया चैनल ने ट्वीट कर लिखा है कि ‘आयोग ने 11 राजकुमारों और एक दर्जन पूर्व मंत्रियों को गिरफ्तार किया है।’ हालांकि गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। कहा जा रहा है कि आयोग और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर सकता है। साथ ही उनकी विदेश यात्रा पर भी रोक लगाई जा सकती है। इनके बैंक अकाउंट भी सीज किए जा सकते हैं। ये जानकारी बीबीसी के हवाले से है।
सऊदी में भ्रष्टाचार को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले एक मंत्री को अपने बेटे को फायदा पहुंचाने की बात पर पद से हटाकर कार्रवाई की गई थी। इससे पहले सितंबर में करीब दो दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया गया था। इनमें देश के प्रभावशाली धार्मिक गुरु भी शामिल थे।