Breaking
18 Oct 2024, Fri

पेरिस, फ्रांस

राफेल विमान को लेकर पहले से विवादों में घिरे अनिल अंबानी की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। फ्रांस के एक बड़े अखबार ने अब दावा किया है कि अनिल अंबानी की कंपनी के टैक्स में बड़ा फायदा पहुंचाया गया है। फ्रांसीसी अखबार ली मोंडे की रिपोर्ट के अनुसार, अनिल अंबानी की कंपनी ‘रिलायंस अटलांटिक फ्लैग फ्रांस’ को टैक्‍स में बड़ी छूट दी गई है। उन पर 162.2 मिलियन डॉलर का टैक्‍स बकाया था। अब उनकी इस रकम की वसूली को रद्द कर दिया गया है।

रिलायंस कम्युनिकेशन ने इस पर कहा है कि फ्रांसीसी कर अधिकारियों की मांगें ‘अनिश्चित और अवैध’ थीं। देश के कानून के अनुसार फ्रांसीसी अधिकारियों के साथ एक समझौता किया गया था। कथित तौर पर अनिल अंबानी की रिलायंस अटलांटिक फ्लैग फ्रांस की फ्रांसीसी अधिकारी द्वारा वर्ष 2007 से 2010 के दौरान जांच की गई थी। उस दौरान उन पर 60 मिलियन यूरो का टैक्‍स बकाया पाया गया। कंपनी ने 7.6 मिलियन यूरो का भुगतान करने की पेशकश भी की थी लेकिन फ्रांसीसी अधिकारियों ने इससे इनकार कर दिया और कहा कि एक और जांच की जाएगी।

इसके बाद वर्ष 2010 और 2012 के बीच एक बार फिर जांच की गई। उस समय कंपनी को 91 मिलियन यूरो का अतिरिक्‍त भुगतान करने के लिए कहा गया। राफेल डील की घोषणा के छह महीने के बाद फ्रांसीसी अधिकारियों ने रिलायंस से 7.3 मिलियन यूरो की राशि ली।