Breaking
18 Oct 2024, Fri

गुजरात की तर्ज पर राहुल राजस्थान में भी जाएंगे मंदिर, बन रही लिस्ट

RAHUL GANDHI MAY VISIT MANDIR IN RAJASTHAN 1 020118

जयपुर, राजस्थान

गुजरात चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने कई मंदिरों का दर्शन किया था। पार्टी से जुड़े लोगों का मानना है के मंदिर दर्शन की पॉलिटिक्स को जनता ने पसंद किया है। कांग्रेस अब राजस्थान में इसे और आगे बढ़ाने जा रही है। दरअसल राजस्थान में इसी साल विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। इसके लिए कांग्रेस ने अभी से तैयारी शुरु कर दी है। पार्टी ने राजस्थान और कर्नाटक समेत कई राज्यों की टूरिस्ट और धर्मिक महत्व वाली जगहों की लिस्ट राज्य की कांग्रेस कमेटियों से मांगा है।

सूत्रों की माने तो इसके ज़रिए कांग्रेस अब हिंदुओं में अपना खोया जनाधार वापस पाने की कोशिश करेगी। मालूम हो कि राहुल गांधी गुजरात चुनाव के दौरान 27 मंदिरों में गए थे। इन इलाकों में रैलियां भी कीं। गुजरात की करीब 87 सीटें मंदिरों से प्रभावित मानी जाती हैं। कांग्रेस को इनमें से 47 पर जीत मिली। राजस्थान विधान सभा में कुल 200 सीटें हैं। फिलहाल, 163 बीजेपी और सिर्फ 21 कांग्रेस के पास हैं।

विधान सभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी सहित राज्य के बड़े कांग्रेसी नेताओं को राजस्थान में मंदिर और दूसरी धार्मिक जगहों के दर्शन कराए जाएंगे। राहुल गांधी इस महीने हो रहे दो लोक सभा और एक विधान सभा उपचुनावों में भी प्रचार के लिए आ सकते हैं। इस दौरान भी इस तरीके को लागू किया जा सकता है।

राजस्थान में ऐसे कई बड़े मंदिर हैं जिनकी काफी मान्यता है। इनमें चित्तौडगढ के सांवलियाजी, राजसमंद के चारभुजाजी, नाथद्वारा में श्रीनाथजी, पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर, बांसवाड़ा के त्रिपुरा सुंदरी, करौली में मदनमोहनजी, कैलादेवी, सालासार बालाजी, बीकानेर जिले के जंभेश्वर मंदिर, देशनोक करणी माता, अलवर जिले के भृर्हतरी मंदिर और जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर शामिल हैं। इन मंदिरों पर कांग्रेस नेता दर्शन के लिए ज सकते हैं।