बंगलुरु, कर्नाटक
भारतीय सेना पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चीफ मोहन भागवत के दिए गए विवादित बयान पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोहन भागवत पर निशाना साधते हुए कहा कि मोहन भागवत ने हमारे जवानों के बलिदान का अपमान किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि भागवत को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। मालूम हो कि संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि सेना को सैनिक तैयार करने में कई महीने लग जाएंगे अगर संघ चाहे तो 3 दिन में सेना तैयार कर सकता है।
मालूम हो कि कर्नाटक में विधान सभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कर्नाटक दौरे पर हैं। वह बिदर में अनुभवा मनटापा, बसावाकल्यान भी गए। यह जगह संतों का केंद्र मानी जाती है और 12वीं शताब्दी के दार्शनिकों का गढ़ रही है।
आरएसएस ने दी सफाई
मोहन भागवत के बयान की विपक्षी पार्टियों ने कड़ी आलोचना की थी। जिसके बाद संघ की तरफ से सफाई आई थी। संघ ने कहा था कि भागवत के बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है। अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख मनमोहन बैद्य ने बयान जारी कर कहा था कि, ‘भागवत ने कहा है कि अगर ऐसी स्थिति पैदा होती है और संविधान इजाजत दे तो, भारतीय सेना को सैनिकों को तैयार करने में छह महीने लगेंगे जबकि संघ के स्वयंसेवकों को तीन दिनों में तैयार किया जा सकता है, क्योंकि स्वयंसेवक नियमित रूप से अनुशासन का पालन करते हैं।’