Breaking
19 Oct 2024, Sat

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए पांच चरणों में 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच हुए मतदान के बाद सभी सीटों के लिए ईवीएम में बंद मतों की गणना सोमवार को जारी है। झारखंड विधानसभा चुनाव में 1,087 पुरुष, 127 महिला तथा एक तीसरे लिंग के उम्मीदवारों समेत कुल 1,215 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया था।

झारखंड में पांच चरणों में 29,464 मतदान बूथों में 41,870 इवीएम मशीनों पर वोट डाले गए थे। इस बीच 24 जिला मुख्यालयों में त्रिस्तरीय सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है। मतगणना का अधिकतम दौर चतरा में 28 राउंड और सबसे कम दो राउंड चंदनकियारी और तोरपा सीटों पर होगा। निर्वाचन आयोग ने सभी जिला मुख्यालयों में इस बाबत इंतजाम कर लिए हैं। पहला परिणाम सोमवार दोपहर 1 बजे आने की उम्मीद है।

मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस-झारखंड मुक्ति मोर्चा-राष्ट्रीय जनता दल गठबंधन के बीच है। सबकी निगाहें जमशेदपुर पूर्वी सीट पर टिकी रहेंगी। मुख्यमंत्री रघुबर दास वर्ष 1995 से यहां से जीतते आ रहे हैं। उनके खिलाफ उनके पूर्व-कैबिनेट सहयोगी सरयू राय मैदान में हैं। राय ने पार्टी से टिकट कटने के बाद बगावत कर मुख्यमंत्री की राह का कांटा बनने का फैसला किया।

अन्य महत्वपूर्ण सीटें हैं- दुमका और बरहेट, जहां से झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं। दुमका में वह समाज कल्याण मंत्री लुइस मरांडी के खिलाफ मैदान में हैं। इसके अलावा सिल्ली से आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो चुनावी मैदान में हैं, वहीं धनवार सीट पर झाविमो अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। लगभग सभी एक्जिट पोल के नतीजों में भाजपा राज्य में बहुमत से दूर है।

By #AARECH