Breaking
14 Mar 2025, Fri

इज़रायल को तगड़ा झटका: चांद पर पहुंचने के पहले क्रैश हो गया अंतरिक्ष यान

ISRAEL AEROSPACE MOON SHUTTLE DOWN 1 120419

तेलअबीब, इज़रायल

इज़रायल के अंतरिक्ष मिशन में तगड़ा झटका लगा है। उसका चंद्रयान मिशन पूरी तरह से असफल हो गया है। इज़रायल का अंतरिक्ष यान चांद पर उतरने से कुछ ही क्षण पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सॉफ्ट लेंडिंग से कुछ ही मिनट पहले अंतरिक्ष यान का पृथ्वी से संपर्क पूरी तरह कट गया था। इस दुर्घटना के साथ ही पहला प्राइवेट फंडिंग वाला चंद्र मिशन इतिहास बनाने में पूरी तरह से नाकाम हो गया।

इज़रायल ने अपने इस मिशन को असफल घोषित कर दिया है। इज़राइल एयरोस्पेस इंडस्ट्री के अंतरिक्ष विभाग के महाप्रबंधक ओफेर डोरोन ने बताया कि अंतिरक्ष यान को जिस स्थान पर उतरना था वह वहां टुकड़े-टुकड़े होकर बिखर गया।
डोरोन ने बताया कि लैंडिंग से कुछ ही देर पहले अंतरिक्ष यान का इंजन बंद हो गया। जब तक उसे दोबारा चालू किया जाता, यान की गति सुरक्षित लैंडिंग के हिसाब से बहुत अधिक थी। इस मिशन का टीवी पर सीधा प्रसारण हो रहा था और पूरा देश इसे देख रहा था। पूरे घटनाक्रम को प्रधानमंत्री बेंजामीन नेतन्याहू सहित अधिकारी भी देख रहे थे।

अगर इज़रायल का यह मिशन कामयाब होता तो वह चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बनता। इज़रायल का मिशन फेल होने के बाद अब इसरो के पास यह रिकॉर्ड बनाने का मौका है। गौरतलब है कि ‘चंद्रयान 2’ के जरिए इसरो चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा।