Breaking
17 Oct 2024, Thu

गठबंधन को पलीता: सपाई अबु तालिब AIMIM जौनपुर से लड़ेंगे चुनाव!

जौनपुर, यूपी

सपा-कांग्रेस गठबंधन के एलान के बाद समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ने वालों ने नया रास्ता निकालना शुरु कर दिया है। इसी क्रम में जौनपुर से सपा का टिकट मांग रहे अबु तालिब अब एमआईएम से चुनाव लड़ सकते हैं। इसके लिए अबु तालिब ने अपने खास लोगों के साथ बाकायदा मीटिंग की है। यहीं नहीं वो टिकट के लिए एमआईएम के कई नेताओं के संपर्क में भी हैं।

पीएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक चार दिन पहले अबु तालिब के समर्थकों की एक मीटिंग हुई थी। इसमें अबु तालिब को निर्दलीय चुनाव मैदान में उतारने की बात कही गई। बाद में कुछ समर्थकों में एमआईएम से चुनाव लड़ने की बात रखी। सूत्रों के मुताबिक अबु तालिब के खेमे में फिचले एक हफ्ते से लगातार इस बात की माथापच्ची चल रही है। सब कुछ ठीकठाक रहा तो अबु तालिब जल्द ही मैदान में एमआईएम की तरफ से ताल ठोक सकते हैं। टिकट को लेकर अबु तालिब एमआईएम के नेताओं से संपर्क में है।

पीएनएस ने जब अबु तालिब से इस संबंध में बात की तो उन्होंने इससे न इंकार किया और न ही इससे इकरार किया। अबु तालिब ने अलबत्ता इतना ज़रूर कहा कि एक हफ्ते में सब सामने आएगा। अबु तालिब समाजवादी पार्टी में काफी दिनों से सक्रिय हैं। उन्हें महाराष्ट्र सपा के अध्यक्ष अबु आसिम आज़मी का करीबी माना जाता है। ऐसे में वो अगर चुनाव में उतरते हैं तो जौनपुर सदर सीट पर नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

अबु तालिब जौनपुर मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर लेदरही गांव के रहने वाले हैं। उनके परिवार के ज़्यादातर लोग मुंबई में रह रहे हैं। समाजवादी पार्टी से जुड़े अबु तालिब का मुंबई, दुबई और लखनऊ में रियल स्टेट का अच्छा खासा कारोबार है।

मालूम हो कि जौनपुर सदर सीट पर सपा ने करीब एक साल पहले जावेद सिद्दीकी को टिकट दिया था। जावेद सिद्दीकी तभी से चुनाव तैयारियों में लगे हैं। सपा-कांग्रेस गठबंधन के बाद ऐसा कहा जा रहा है कि ये सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है क्योंकि यहां के सिटिंग विधायक कांग्रेस के नदीम जावेद हैं। ऐसे में कई दूसरी पार्टियों की नज़र सपा के वोट बैंक पर हैं जो कांग्रेस की तरफ नहीं जाएंगे।

One thought on “गठबंधन को पलीता: सपाई अबु तालिब AIMIM जौनपुर से लड़ेंगे चुनाव!”
  1. Abu talib bhai aap mim se chunao lado hum sab sath hai inshaallah zaroor aap win karenge mim seato se

Comments are closed.