Breaking
17 Oct 2024, Thu

ग्रेटर नोएडा, यूपी

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत के दौरान महिला पुलिसकर्मी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर एक शख्स को गिरफ्तार किया है। युवक को हिरासत में लेने के दौरान कई कार्यकर्ताओं की पुलिस से भिड़ंत भी हुई।

दरअसल यह पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो पॉइंट का है। यहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत होना था। उनके स्वागत के लिए सैकड़ों की तादाद में बीजेपी कार्यकर्ता पहुंचे थे। बाद में जब जेपी नड्डा यहां पहुंचे तो सभी लोगों में फोटो खींचने की होड़ सी मच गई। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी के साथ किसी ने छेड़खानी कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को फौरन पकड़ लिया तो वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ तीखी नोंक-झोंक और बहस  हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

इस संबंध में अपर पुलिस आयुक्त श्रीपर्णा गांगुली ने बताया कि यहां एक स्वागत का कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद एक शख्स ने हमारी महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की है, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा कायम किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

By #AARECH