Breaking
16 Oct 2024, Wed

अक़ीदत और ऐहतराम के साथ मनाया गया ईद-उल-अज़हा

EID UL AZHA NAMAZ 1 220818

नई दिल्ली ।

कुर्बानी का त्योहर ईद-उल-अज़हा बुधवार को पूरे देश में हर्षोल्लास और शांति के साथ मनाया गया। दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद, ईदगाह, फतेहपुरी और जामिया मिलिया मस्जिदों के साथ-साथ यहां की स्थानीय मस्जिदों में सुबह नमाज अदा की गयी और लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर बकरीद की बधाई दी। इस मौके पर लोगों ने देश में शांति और खुशहाली की दुआ की।

नमाज़ के बाद देशभर की मस्जिदों में केरल में आयी बाढ़ से जान-माल को हुए काफी नुकसान पर गहरा दुख जताते हुए दुआ मांगी गई। इसके साथ ही लोगों से मस्जिदों के बाहर धन इकठअठा करके पीड़ितों के लिए भेजा। नये परिधानों में सजे-धजे लोगों ने इस मौके पर एक-दूसरे को दावतें दीं और उपहार भेंट किये। लोगों ने जानवरों की कुर्बानी भी दी जिसके लिए लोग कई दिनों से तैयारियां कर रहे थे।

उत्तर प्रदेश में त्याग और बलिदान का त्योहार ईद-उल-अजहा शांति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी लखनऊ में सुबह नए लिबास में लोगों ने इत्र की खुशबू के साथ ईदगाह और स्थानीय मस्जिदों में नमाज अदा की और देश और समाज की खुशहाली के लिए दुआ की। बाद में लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।

लखनऊ की ऐशबाग ईदगाह में सुबह नमाज अदा की गयी। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम भाइयों को ईद उल जुहा की बधाई एवं शुभकानाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल एवं ईदगाह इमाम खालिद रशीद फिरंगी महली ने लोगों से केरल में बाढ़ पीड़ितों की दिल से मदद करने की अपील की है।

शहर के शाहनज़फ इमामबाड़ा में शिया एवं सुन्नी मुस्लिमों ने मिलकर नमाज अदा की और देश एवं प्रदेश में शांति और सौहार्द्र की दुआ की। पुराने शहर में टीले वाली मस्जिद एवं बड़ा इमामबाड़ा में भी मुस्लिम भाइयों ने नमाज अदा कर एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी।

बिहार में कुर्बानी का त्योहार बकरीद उत्साह और खुशी के माहौल में मनाया जा रहा है। इस मौके पर आज गांधी मैदान समेत कई स्थानों पर बड़ी संख्या में मुसलमान भाइयों ने नमाज अदा की। यहां प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। सुरक्षा के मद्देनजर गांधी मैदान के सभी प्रवेश द्वारों को कल शाम से बंद कर दिया गया था। सुबह आठ बजे शुरू हुयी सामूहिक नमाज में बच्चे और बुजुर्गों के अलावा बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान पटना जंक्शन स्थित जामा मस्जिद समेत कई ईदगाहों में नमाज अदा की गयी।