Breaking
17 Oct 2024, Thu

कन्नौज, यूपी

उत्तर प्रदेश की कन्नौज लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के लिए किसी किले से कम नहीं मानी जाती है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव यहां से सांसद हैं। डिंपल यादव ने 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी सुब्रत पाठक को करीबी अंतर से हराया था।

2014 के लोकसभा चुनाव में सपा उम्मीदवार डिंपल यादव को 4,89,164 वोट और बीजेपी उम्मीदवार सुब्रत पाठक को  4,69,257 वोट मिले थे। यानी जीत का अंतर ज्यादा नहीं था। इस बार भी यहां कांटे का मुकाबला होने की उम्मीद है।

कन्नौज लोकसभा सीट से डिंपल यादव फिर से चुनावी मैदान में हैं। इसबार वो सपा-बीएसपी और आरएलडी की संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर वहां से चुनाव लड़ रही हैं। जबकि बीजेपी ने एक बार फिर से अपने पुराने प्रत्याशी सुब्रत पाठक के कंधे पर डिंपल को मात देने की जिम्मेदारी सौंपी है। डिंपल के पक्ष में अखिलेश यादव ने यहां जबरदस्त प्रचार किया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी यहां रैली की।

इत्र के शहर कहे जाने वाले कन्नौज लोकसभा सीट के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की पांच विधानसभा की सीटें आती हैं। 18 लाख के करीब मतदाता वाले कन्नौज लोकसभा सीट पर मुस्लिम और यादव मतदाताओं का वर्चस्व रहा है। यहां 6 लाख के करीब मुस्लिम वोटर हैं तो 3 लाख के करीब यादव मतदाता मैजूद है। जो सपा के लिए निर्णायक साबित होते रहे हैं। इसके अलावा राजपूत वोटर भी 3 लाख के करीब और ओबीसी मतदाताओं में लोधी, कुशवाहा, पटेल और बघेल भी अच्छी संख्या में कन्नौज की सीट पर अपनी उपस्थिती दर्ज कराते रहे हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी सियासी पारी का आगाज कन्नौज लोकसभा सीट पर साल 2000 में हुए उप चुनाव से किया था। अखिलेश यादव उसके बाद यहां से तीन बार सांसद रहे और जब 2012 में वो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने ये सीट खाली कर दी। जिसके बाद हुए उप चुनाव में डिंपल यादव यहां से निर्विरोध चुनकर संसद पहुंची थी। कन्नौज से डिंपल यादव एक बार से चुनावी मैदान में हैं।

By #AARECH