Breaking
18 Oct 2024, Fri

मुंबई, महाराष्ट्र

रजक धोबी समाज देश के बारह (12) प्रदेशों में पिछड़े वर्ग के रूप में पंजीकृत है। इसकी वजह से उन्हे अनुसूचित जाति के आरक्षण का लाभ चुनाव व सरकारी नौकरियों में नहीं हो पा रहा है। रजक धोबी समाज में गरीब और पिछड़ेपन की मुख्य वजह यही है। इसलिये समाज यह मांग करता है कि उसे आरक्षण के एससी वर्ग में शामिल किया जाये। यह बातें राष्ट्रीय रजक महासंघ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश चैधरी ने कही।

दरअसल राष्ट्रीय रजक महासंघ भारत ने महाराष्ट्र के मुंबई में एक कार्यक्रम का आयोजन किया था इस कार्यक्रम में देश भर से रजक धोबी समाज के लोग सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में रजक धोबी समाज से जुड़ी समस्याओं और उनकी दशा पर विशेष चर्चा की गई। और उनके समाधान के लिए रूपरेखा तय की गई।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विरोधी दल देवेन्द्र फड़णवीस शामिल हुए। देवेन्द्र फड़णवीस ने कार्यकम को संबोधित करते हुए कहा कि रजक धोबी समाज का देश के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान है। चाहे आज़ादी की लड़ाई हो या फिर आज़ादी के बाद देश के विकास की बात हो, इस समाज ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। उन्होने कहा कि यह अलग बात है कि समाज को वह सुविधाएं नहीं मिल पायीं जो मिलनी चाहिए थी। देवेन्द्र फड़णवीस ने कहा कि मोदी सरकार इस समाज के लिए ठोस कदम उठाएगी।

इस मौके पर रजक धोबी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जौनपुर के केराकत सीट से विधायक दिनेश चैधरी ने बताया कि राष्ट्रीय रजक महासंघ भारत की तरफ से एक मांगपत्र देवेन्द्र फड़णवीस को पेश किया गया। इसमें सात बिन्दुओं की मांग की गयी है। जिसमें प्रमुख रूप से रजक धोबी समाज को अनुसूचित जाति में आरक्षण देना, रजक धोबी समाज के संत शिरोमणि बाबा साहब गाडगे को भारत रत्न से विभूषित किया जाये। इसके साथ ही उनकी जीवनी को समस्त भाषाओं में प्रकाशित किया जाये एवं किसी राष्ट्रीय योजना का नाम बाबा साहब गाडगे के नाम पर किया जाये।

दिनेश चैधरी ने आगे कहा कि मांगपत्र में समाज से जुड़े परम्परागत व्यवसाय को सरकारी सुविधायें देने की मांग की गयी। मुंबई के महापौर से मांग की गयी है कि धोबीघाटों का नवनिर्माण कराया जाये और उन्हे सुविधा सम्पन्न कराया जाये। साथ ही रजक धोबी समाज के संगठन के भवन के लिए भूमि उपलब्ध करायी जाये।

इस मौके पर कई गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में विभिन्न प्रान्तों से लोग आये थे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद प्रवीद दरेकर, विधायक नितेश राणे और बीजेपी नेता अमरजीत मिश्र आदि उपस्थित थे।

By #AARECH