Breaking
17 Oct 2024, Thu

कांग्रेस का महापौर करेगा भिवंडी का चौमुखी विकास: इक़बाल सिद्दीकी

भिवंडी, महाराष्ट्र

भिवंडी महानगर पालिका चुनाव में कांग्रेस को मिली ऐतिहासिक जीत से कांग्रेसजनों में बहुत उत्साह देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां महाराष्ट्र में बीजेपी एक के बाद दूसरे चुनाव में विजय का झंडा फहराती जा रही थी लेकिन भिवंडी शहर में आते-आते बीजेपी के विजय रथ को कांग्रेस ने न सिर्फ रोक दिया बल्कि पूरे महाराष्ट्र में एक मजबूत संदेश देने का भी काम किया है। 90 सदस्यीय नगर निगम में कांग्रेस ने अकेले 47 सीटों पर जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया। इसका पूरा श्रेय भिवंडी की जनता और ज़िला कांग्रेस कमेटी की एकजुटता को जाता है।

कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी के ज़िला प्रवक्ता और महाराष्ट्र प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश सचिव इकबाल सिद्दीकी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस भिवंडी की जनता की बहुत आभारी है और उनको दिल से धन्यवाद देती है। जनता महानगर पालिका के चुनाव में  में सराहनीय फैसला किया है। एक पार्टी को बहुमत देकर भिवंडी की विकास के द्वार खोल दिए है।

इकबाल सिद्दीकी ने कहा कि भिवंडी महानगर पालिका में अब कांग्रेस का महापौर बनेगा। चुनाव में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में जनता से जो वादा किया है, उस वादे को ईमानदारी से कार्य कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भिवंडी महानगर पालिका चुनाव में विरोधियों की करारी हार हुई है, इसके बावजूद भी वो अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस के नगर सेवकों को तरह तरह का प्रलोभन देकर अपने पाले में करना चाहते हैं। कांग्रेस का नगर सेवक जिन्हें भिवंडी की जनता ने भिवंडी महानगर पालिका में चुनकर के भेजा है वो पूरी तरह से पार्टी के साथ खड़े हैं और खड़े रहेंगे।

प्रदेश प्रवक्ता इकबाल सिद्दीकी ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि महानगर पालिका में सबको साथ लेकर चला जाए तभी भिवंडी का भला हो सकता है। हम खुली सोच और खुले विचार से सबका साथ सबका विकास करना चाहते हैं। यही कांग्रेस का मूल मंत्र है। हम इस दिशा में कामयाब होंगे क्यों हम खुले मन से काम करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।

इक़बाल सिद्दीकी ने आगे कहा कि केंद्र सरकार 3 साल पूरे होने पर जश्न मना रही है। यह बहुत ही भद्दा मजाक देश की जनता के साथ है। 3 साल में मोदी सरकार ने देश की जनता से जो वादे किए थे एक भी पूरे करने में कामयाब नहीं हुए। उसके उलट सरकार द्वारा उल्टे-पल्टे फैसले लिए जा रहे हैं। देश की जनता को बार-बार कसौटी पर रखा जा रहा है। कानून व्यवस्था की हालत देश में लगातार बिगड़ती जा रही है। ऐसा लगता ही नहीं है कि देश में कोई लोकतांत्रिक सरकार है।

कांग्रेस प्रवक्ता इकबाल सिद्दीकी ने कहा कि सरकार सिर्फ विज्ञापनों पर बेतहाशा खर्च कर खुद को महिमामण्डित करने का कार्य कर रही है। जनता की कठिनाइयों और समस्याओं से उन्हें कोई लेना-देना देना नहीं है। कांग्रेस ने 70 साल में जो देश की विकास की गति को आगे बढ़ाया था बीजेपी की केंद्र सरकार ने 3 साल में उस विकास के पहिए को जाम कर दिया है। ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण कदम है और देश की जनता 2019 के चुनाव में इसका ज़रुर हिसाब करेंगी।