Breaking
16 Mar 2025, Sun

बढ़ रहा है कांग्रेस का कुनबा, नदीम जायसी हुए शामिल

लखनऊ, यूपी

कांग्रेस लगातार यूपी में अपना कुनबा बढ़ाने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने अपने पूर्व नेताओं से संपर्क करना शुरु किया है। पार्टी को इसमें सफलता भी मिल रही है। इसी क्रम में अमेठी ज़िले के जायस कस्बे के रहने वाले और बीएसपी सरकार में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री नदीम अशरफ जायसी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। नदीम जायसी पहले भी कांग्रेस में रह चुके हैं। नदीम जायसी के शामिल होने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद राजबब्बर ने स्वागत किया और कहा कि आज हमारे पुराने और मजबूत साथी पार्टी में शामिल हो रहे हैं, इनके पार्टी में शामिल होने से निश्चित तौर पर पार्टी को काफी बल मिलेगा।

नदीम जायसी राजधानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी शामिल होते वक्त प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ संतोष सिंह, विनोद चतुर्वेदी, संगठन प्रभारी और पूर्व विधायक फजले मसूद ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर विनोद चतुर्वेदी पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी, अनुसुइया शर्मा, गणेश शंकर पाण्डेय, मारूफ खान, प्रतिमा सिंह, डा प्रमोद कुमार पाण्डेय, हनुमान त्रिपाठी, प्रमोद सिंह, योगेन्द्र मिश्रा ज़िलाध्यक्ष अमेठी, धर्मेन्द्र शुक्ला पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस अमेठी आदि ने सदस्यता ग्रहण करने वालों को बधाई दी है। नदीम जायसी के साथ लखनऊ के पूर्व युवा कांग्रेस नेता मुनीश चौधरी, जायस नगर पालिका परिषद के 18 सदस्यों सहित बसपा छोड़कर सैकड़ों नेताओं ने भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर नदीम अशरफ जायसी ने कहा कि मैंने कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत कार्य किया है। मेरे जीवन की बड़ी गलती थी जो मैंने पार्टी छोड़ी, मैं उसके लिए शर्मिन्दा हूं। मैं अब जीवनभर कांग्रेस पार्टी की नीतियों और सिद्धान्तों के अनुरूप कार्य करूंगा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, और प्रियंका गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मेरे जैसे एक छोटे कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के समक्ष पार्टी में शामिल कराकर जो सम्मान दिया है मैं उसके लिए आभारी रहूंगा। उन्होंने अपने पुराने युवा कांग्रेस के साथियों के साथ मिलकर पार्टी के लिए संघर्ष का वादा किया।