Breaking
16 Oct 2024, Wed

सीएम के इशारे पर मामूली विवाद को सांप्रदायिक रंग दे दिया: नदीम जावेद

NADEEM JAVED CONGRESS DELEGATION TOUR BHADETHI JAUNPUR 1 160520

अज़ीम सिद्दीकी

जौनपुर, यूपी
प्रदेश में मुसलमानों और दलितों को लड़ाकर बीजेपी सत्ता की राजनीति पर काबिज रहना चाहती है। सिराज-ए-हिंद जौनपुर कौमी एकजहती का हमेशा प्रतीक रहा है। यहां कभी भी सांप्रदायिक झगड़े नहीं हुए। जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, जौनपुर ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश और पूरे देश में एक दूसरे को लड़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस काम में भारतीय जनता पार्टी और उसके नेता पूरी तरह शामिल हैं। ये बातें कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम जावेद ने कहीं।

ज़िले के भदेठी गांव में हुई घटना के बाद कांग्रेस आलाकमान और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल गांव के दौरे पर आया। प्रतिनिधिमंडल ने गांव पहुंचकर दलितों और मुसलमानों से मुलाकात की और विवाद को समझने की कोशिश की। डेलीगेशन इस विवाद की जांच करके अखिल भारतीय  कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी को रिपोर्ट देगा। मंगलवार को कांग्रेस पार्टी का डेलिगेशन नदीम जावेद के नेतृत्व में भदेठी गांव पहुंचा।

NADEEM JAVED CONGRESS DELEGATION TOUR BHADETHI JAUNPUR 2 160520

कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष नदीम जावेद ने कहा कि भदेठी घटना की जांच सीबीआई से कराई जाए और जो भी दोषी हो उन्हें सज़ा मिले। उन्होंने कहा कि निर्दोंषों को जिस तरह से पुलिस परेशान कर रही है, कांग्रेस पार्टी उसकी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि अगर किसी निर्दोष को फंसाया गया तो कांग्रेस पार्टी इसे कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगी। जौनपुर सदर सीट से विधायक रह चुके नदीम जावेद ने कहा कि वो इस इलाके से पूरी तरह वाकिफ हैं। यहां बीजेपी और उससे जुड़े संगठन सांप्रदायिक उन्माद फैला रहे हैं।

पूर्व मंत्री और कांग्रेस के नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश के हर ज़िले में ऐसी घटनाएं हो रही हैं और बीजेपी उसका राजनीतिक लाभ उठा रही है। एमएलसी एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भदेठी गांव में हुए झगड़े में साजिश की बू आती है। जिस तरह से दोनों पक्षों को लड़ाकर बीजेपी रोटी सेक रही है, ये कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाए न हो इसके लिए कांग्रेस पार्टी महासिचव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पार्टी संघर्ष करेगी।

NADEEM JAVED CONGRESS DELEGATION TOUR BHADETHI JAUNPUR 3 160520

कई नेता रहे मौजूद
डेलिगेशन में अनुसूचित जाति विभाग के यूपी अध्यक्ष प्रदीप नरवाल, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष शाहनवाज आलम, बिहार प्रदेश के अध्यक्ष माइनॉरिटी डिपार्टमेंट मिन्नत रहमानी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फैसल तबरेज, शहर अध्यक्ष सौरभ शुक्ला, यूथ कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष सत्यवीर सिंह, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष शिखर द्विवेदी, एससी डिपार्टमेंट के प्रदेश सचिव पंकज सोनकर, मुफ्ती हाशिम मेहंदी, रियाज़ अहमद, नीरज राय, सद्दाम सलमानी, अदनान खान, इश्तियाक अहमद, हुज़ैफा खान, वामिक रियाज़, सृजन सिंह, धर्मेंद्र निषाद सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

भारी संख्या में फोर्स मौजूद रही
कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के भदेठी गांव के दौरे पर गांव में और आसपास भारी फोर्स तैनात की गई थी। इस दौरान कई अधिकारियों ने गांव में डेरा डाल रखा था। भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल के रहते कांग्रेस डेलीगेशन ने गांव का दौरा किया और पीड़ितों से मुलाकात की।

क्या था मामला
ज़िले के भदेठी गांव में मामूली विवाद के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने दलितों का मड़हा जला दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 58 नामज़द करीब 100 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए 37 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई एकतरफा में सिर्फ मुसलमानों को गिरफ्तार किया गया। यही नहीं पुलिस ने गांव में बच्चों, महिलाओं और बूढ़ों को भी खूब परेशान किया।