कन्नौज, यूपी
उत्तर प्रदेश के कन्नौज से एक बड़ी खबर सामने आई है। अखिलेश यादव और मायावती की रैली से पहले ही सभास्थल पर सांड घुस गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग सांड से खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। ऐसे में कुछ देर के लिए रैली स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी। पुलिस के जवानों ने सांड को भगाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कहा जा रहा है कि सांड को भगाने में एक सफाई कर्मचारी और एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
कन्नौज में गठबंधन प्रत्याशी डिंपल यादव के प्रचार के लिए रैली का आयोजन किया गया था। बसपा सुप्रीमो मायावती और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक साथ जनसभा को संबोधित करने वाले थे। इसके लिए जनसभा स्थल पर हेलीपैड बनाया गया था। लेकिन दोनों नेताओं के आने से पहले ही वहां एक सांड घुस गया।
ऐसे में भीड़ में सांड के घुसने से रैली स्थल पर भगदड़ मच गई। रैली स्थल पर भगदड़ देख वहां मौजूद पुलिस के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद सांड को काबू में किया। इस बीच अपने भाषण में अखिलेश यादव ने कहा कि भीषण गर्मी में के बाद भी जनता की यह भीड़ बता रही है कि कन्नौज से बड़ा परिणाम आएगा। अखिलेश ने कहा कि मैं और डिंपल यहां आने से पहले मां अन्नपूर्णा मंदिर गए थे।
अखिलेश ने कहा कि कुछ देर पहले रैली स्थल पर सांड घुस आया था। ऐसे में मौके पर अशांति फैल गई थी, तब मैंने डीजीपी साहब को फोन किया और कहा कि हमारी रैली को कोई खराब करने आया है, पर वह नहीं समझ पाए। फिर हमने बताया कि सभा में सांड घुस आया है। मालूम हो कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली में हेलीपैड पर सांड घुस गया था।