Breaking
17 Mar 2025, Mon

नयी दिल्ली ।

राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र में अपना प्रभाव रखने वाले पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के बेटे विधायक मानवेंद्र सिंह एवं उनकी बहू चित्रा सिंह कांग्रेस में शामिल हो गये हैं। दोनों नेताओं ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया। पिछले कई दिनों से अटकलें लगायी जा रही थी कि विधायक मानवेंद्र सिंह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के अनुसार, भाजपा से नाराज चल रहे मानवेंद्र सिंह अपनी पत्नी चित्रा सिंह के साथ बुधवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गये। प्रदेश अध्यक्ष पायलट ने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस की स्थिति अच्छी है और मानवेंद्र के शामिल होने से पार्टी को लाभ होगा।

पत्रकारों से बात करते हुये मानवेंद्र सिंह ने कहा कि ‘कमल का फूल, हमारी भूल’ रही। वहीं, उनकी पत्नी चित्रा सिंह ने मौजूदा बीजेपी की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। गौरतलब है कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जसवंत सिंह को टिकट नहीं दिया था। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय ही चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में जसवंत सिंह हार गए थे। उसी समय से जसवंत सिंह का परिवार भाजपा से नाराज चल रहा है।