Breaking
17 Oct 2024, Thu

लखनऊ, यूपी

हज पर जाने वाले यात्रियों की प्रतीक्षा सूची में नाम वाले हज यात्री काफी परेशान हैं। प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद हज मंत्री मोहसिन रज़ा ने कई बड़े दावे किए थे लेकिन फिलहाल प्रदेश के हज यात्री परेशान हैं। करीब 15 सौ हज यात्रियों का चयन प्रतीक्षा सूची से दोबारा किया जाना है, लेकिन हज कमेटी ऑफ इंडिया और स्टेट हज कमेटी की लापरवाही से अभी तक इनका चयन नहीं हो पाया है। इस मामले में स्टेट हज कमेटी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।

मालूम हो कि इस बार 29,017 हज यात्रियों को हज के लिए सफर करना है। इनका चयन हो चुका था लेकिन 1,547 यात्रियों का चयन निरस्त हो गया है। ऐसे में 27,470 हज यात्री चयनित है और 1,547 आवेदकों के चयन दोबारा होना है जो प्रतीक्षा सूची में हैं।

इस बार हज यात्रा में सेलेक्ट किए गए हज यात्रियों में रिकॉर्ड 1,547 आवेदकों का सेलेक्शन निरस्त किया गया है। इनकी जगह हज यात्रा की प्रतीक्षा सूची से यात्रियों का चयन होना है। इसके लिए एक तरफ तो हज यात्रा का दिन करीब आ रहा है और चयनित लोगों को अपने पासपोर्ट, पेपर और पैसे जमा करना होगा। ऐसे में चयन में जितनी देरी होगी उतना ही हज यात्रियों को परेशानी होगी।