Breaking
18 Oct 2024, Fri

चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने अयोग्य घोषित किया है। हाल ही में अलका लांबा ने आप से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गई थीं। अलका के अयोग्य घोषित होने के बाद यह सीट खाली हो गई।

बता दें कि लंबे समय से आप नेतृत्व से नाराज चल रहीं अलका लांबा ने ट्वीट कर कहा था कि अब आप को गुड बॉय करने का समय आ गया है। जिसके बाद पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उधर, आप छोड़ने के बाद उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ले ली।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने ट्वीट किया कि केजरीवाल जी, 100 विधायक पद कुर्बान हैं अपनी जनता के लिए। पर उनसे किए गए एक-एक वादे को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जाऊंगी। आप अपने वादों को पूरा कीजिए, वर्ना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहिए।

जनता पूछ रही है। बताइए कि आपने चांदनी चौक में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम क्यों रुकवा दिया। मुझे चांदनी चौक की जनता पर पूरा भरोसा है। पांच महीने बाद अपने पूरे पांच साल के कामों का लेखा-जोखा देना है। इन पांच महीने सदन में न सही, सड़क पर आपकी नाकामी की पोल खोलूंगी। उन्होंने नारा भी दिया ‘आप नहीं यह धोखा है। दिल्ली बचा लो मौका है।’

By #AARECH