Breaking
18 Oct 2024, Fri

लोक सभा चुनाव को लेकर सपा अभी से मैदान में उतरी

SAMAWADI PARTY PRESIDENT CALL FOR LOK SABHA ELECTION 1 100118

लखनऊ, यूपी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि सभी 2019 के लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुट जाए। उन्होंने कहा कि अगली लड़ाई के लिए मजबूत तैयारी में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना है। आने वाला समय देश के लिए महत्वपूर्ण होगा। समाजवादी पार्टी की साईकिल रूकने वाली नहीं है। हमारे पक्ष के वोट बर्बाद न हो इसकी सतर्कता बरतनी होगी। सन् 2022 में भारी बहुमत की सरकार बनाने के लिए भी तैयारी करनी हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सैकड़ों की संख्या में आए प्रमुख कार्यकर्ताओं को पार्टी मुख्यालय, लखनऊ के डॉ लोहिया सभागार में सम्बोधित कर रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार से 10 माह में ही जनता का मोहभंग हो गया है। समाजवादी पार्टी जनता की पार्टी है जबकि भाजपा प्रबंधकीय पार्टी है। सपा का जनाधार गांव, गरीब और किसान है। भाजपा भ्रम फैलाकर चुनाव जीतने की कला में निपुण है। भाजपा समाज के सद्भाव को बिगाड़ती है, लोगों को धर्म-जाति में बांटती है। उसका किसान गरीब, मजदूर, किसान से लेना देना नहीं है।

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी का एजेण्डा है सामाजिक सद्भाव का जबकि भाजपा जातिवाद और नफरत के रास्ते पर चलती है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने जितना विकास किया उसका कोई मुकाबला नहीं कर सकता है। भाजपाई करते कुछ नहीं है। साजिश, अफवाह यही भाजपा के हथियार हैं। उन्होंने आगे कहा कि मूल मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने की ताकत भाजपा में है। इन पर कौन विश्वास करेगा?

अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में अगर वोटिंग मशीन पर भरोसा नहीं रहेगा तो जनता का भरोसा भी नहीं रहेगा। जब ईवीएम की कार्यप्रणाली पर संदेह किया जा रहा है तो बैलेट पेपर से चुनाव कराने में क्या परेशानी होगी? स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए उसकी विश्वसनीयता बनी रहना जरूरी है।