Breaking
17 Oct 2024, Thu

लखनऊ, यूपी

बेहतर कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर सत्ता में आई योगी सरकार हर दिन नये विवादों को जन्म दे रही है। योगी सरकार ने हज हाउस के दीवारों का रंग भगवा करा दिया है। सरकार के इस काम से एक बार फिर विवाद पैदा हो गया है। दरअसल लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या दीवार के रंग बदल देने से विकास हो जाता है।

राजधानी लखनऊ के विधान सभा मार्ग पर ठीक विधान सभा के सामने हज हाउस की बिल्डिंग है। इस बिल्डिंग में काफी सालों में हज हाउस कार्यालय काम कर रहा है। सरकार की तरफ से इसकी दीवार का रंग भगवा करा दिया गया है। हज अधिकारी इस संबंध में कुछ भी बोलने से मना कर रहे हैं। वहीं मज़दूर भी नहीं बता रहे हैं कि वो किसके कहने पर ये काम कर रहे हैं।

दरअसल योगी सरकार ने इसकी शुरुआत राजधानी लखनऊ के एनेक्सी का रंग भगवा करके किया था। उसके बाद सरकार ने सरकारी रोजवेज़ बसों का रंग बदलकर भगवा किया। इसके बाद प्राइमरी स्कूलों का रंग भी भगवा करने का आदेश दिया गया। आदेश मिलते ही रंग बदल गया।

विपक्ष का सवाल
दरअसल एक तरफ प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष सवाल खड़ा कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि राजधानी में खुद बीजेपी के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता जेपी तिवारी के बेटे को सरेआम सबसे वीवीआईपी इलाके हज़रतगंज में हत्या कर दी गई। विपक्षी दलों के ये बी कहना है कि विकास के दावे को परखे तो सड़क से लेकर हर तरह के निर्माण बंद पड़े हैं। सरकार जांच के नाम पर सिर्फ रोज़ नया आदेश जारी कर रही है। यहां तक की सरकारी बजट के अभाव में सरकारी अस्पतालों में दवाइयां तक मुहैया नहीं है।