Breaking
17 Oct 2024, Thu

आवेदन करें: मदरसा टीचर को एवार्ड देगी यूपी सरकार

अब्दुल कय्यूम

लखनऊ, यूपी
प्रदेश सरकार द्वारा अरबी-फारसी मदरसों के अध्यापकों/अध्यापिकाओं को 2016-17 के राज्य अध्यापक एवार्ड से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए मदरसा टीचर से आवेदन मांगे गये हैं। यह आवदेन सम्बन्धित जिलों के ज़िला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के कार्यालय में 11 से 29 सितम्बर, 2017 तक जमा किये जा सकते हैं।

यह जानकारी अल्पसंख्यक कल्याण निदेशक एनपी पाण्डेय ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य पुरस्कार के लिए वही टीचर पात्र होंगे, जिन्हें तहतानिया/फौकानियां/आलिया (प्रधानाध्यापक/अध्यापक या सहायक अध्यापक) के रूप में दोनों पदों पर कार्यरत हों और उनकी सेवाओं को जोड़ते हुए कुल 15 साल के नियमित शिक्षण कार्य का सन्तोषजनक अनुभव हो। विशिष्ट श्रेणी (दिव्यांग) के शिक्षकों के सम्बन्ध में प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक के रूप में दोनों पदों की सेवाओं को जोड़ते हुए कुल 10 साल के नियमित शिक्षण कार्य का अनुभव होना अनिवार्य है।

निदेशक एनपी पाण्डेय ने बताया कि प्रबन्धक/निरीक्षक और प्रशिक्षण संस्थानों का स्टाफ इस पुरस्कार के लिए अर्ह नहीं होंगे। सेवानिवृत्त शिक्षकों पर भी कोई विचार नहीं किया जायेगा। सेवानिवृत्ति के पूर्व यदि राज्य पुरस्कार हेतु उसका आवेदन पत्र अग्रसारित कर दिया गया है, तो इस पर विचार किया जायेगा। इस संबंध में अधिक जानकारी सम्बन्धित जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।