Breaking
18 Oct 2024, Fri

जम्मू और कश्मीर से अनुच्छेद 370 के हटने के बाद भाजपा के कुछ नेता अपने बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। अभी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की कश्मीरी महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणी का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था एक और भाजपाई नेता इस विवाद में फंसते नज़र आ रहे हैं। बुधवार को राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने 370 को लेकर एक ट्वीट किया। ट्वीट में गोयल ने अपने घर पर लगे एक होर्डिंग्स की तस्वीर शेयर की और लिखा “धारा 370 का जाना। तेरा मुस्कराना।” उस होर्डिंग्स में एक कश्मीरी लड़की की मुस्कराते हुए तस्वीर थी।

इस होर्डिंग्स को देखकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल नाराज़ हो गईं और उन्होंने ट्वीट कर गोयल को जवाब दिया। स्वाति ने लिखा “छी! कितनी घटिया सोच है। हिम्मत है तो अपनी बेटी की तस्वीर घर के बोर्ड पे लगाओ। एक तरफ़ हमारे पीएम कश्मीर का दिल जीतने की कोशिश कर रहे है, दूसरी तरफ़ उनके मंत्री कश्मीरी लड़कियों के प्रति अपनी गंदी सोच उजागर कर रहे हैं! कार्यकर्ताओं की क्या ग़लती जब नेता ही ऐसी ओछि सोच रखते हैं।” स्वाति के इस जवाब से भाजपा सांसद भड़क गए।

गोयल ने स्वाति और आम आदमी पार्टी दोनों पर हमला बोला और लिखा “यह हमारी बेटी समान है, अपनी सोच को साफ़ सुथरा रखो। दिल्ली की जनता के डर से धारा 370 पर समर्थन तो दिया, पर केजरीवाल टोली की खिसियाहट साफ़ नजर आ रही है। धारा 370 ख़त्म होने से देशद्रोहियों में जो निराशा है, ये बयान उसी हताशा का प्रतीक है। कश्मीरियों की मुस्कुराहट से तकलीफ क्यों?”

इतना ही नहीं स्वाति ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर तुरंत गोयल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को भी कहा है। स्वाति ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा “DCW ने दिल्ली पुलिस को नोटिस किया विजय गोयल & खट्टर के ख़िलाफ़ FIR दर्ज करने के लिये। उनके महिला विरोधी कार्य & बोल से न सिर्फ़ कश्मीरी महिलाओं की भावना आहत हुई है बल्कि देश की। पूरा देश आज 370 मुद्दे पे PM के साथ है। ऐसे में हिंसा भड़काने वाले नेताओं पे FIR ज़रूर होनी चाहिए!” स्वाति ने इस ट्वीट के साथ नोटिस की तस्वीर भी शेयर की है।

By #AARECH