मऊ, यूपी
ज़िले की घोसी विधान सभा सीट से बीएसपी के उम्मीदवार और बाहूबली मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने पर्चा दाखिल किया। 13 फरवरी को मऊ के चारों विधान सभा सीटों से कुल 19 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। सबसे कम उम्र के उम्मीदवार अब्बास अंसारी ने एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया है। कौमी एकता दल का बीएसपी में विलय के बाद अब्बास अंसारी को पार्टी ने टिकट दिया है।
चुनाव इतिहास में शायद ही पहले ऐसा कभी मौका आया हो जिसमें किसी उम्मीदवार ने अपने जन्मदिन के एक दिन बाद किसी बड़ी राजनीतिक पार्टी से उम्मीदवारी पेश की हो। अपनी सियासी पारी की शुरुआत के पहले पायदान पर अब्बास अंसारी पबरे जोश में नज़र आए। अब्बास अंसारी ने अपने पिता सदर विधान सभा के विधायक मुख्तार अंसारी को अपना गुरु, आदर्श और कोच बताया।
पत्रकारों से बात करते हुए अब्बास अंसारी ने कहा कि वह जनता की सेवा करने के लिये राजनीति में आए हैं। उन्होंने कहा कि उनका परिवार हमेशा से लोगों की सेवा करता रहा है। हमारे परिवार के लोगों ने जंग-ए-आज़ादी की लड़ाई लड़ी और देश के लिए कुर्बानियां दी है। देश सेवा हमारे खून में समाया हुआ है। अब्बास अंसारी ने कहा कि बहन मायावती जी के नेतृत्व में बीएसपी की बहुमत की सरकार बनेंगी। उत्तर प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है।
नामांकन के समय बसपा के जोनल को-आर्डिनेटर भीम राजभर, बसपा के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार राजू, सत्येंद्र राम, मंसूर अंसारी, उमर अंसारी, बृजेश जायसवाल, फेज़ रिजवी समेत कई लोग मौजूद थे।
घोसी विधान सभा से बसपा सीट से पर्चा भरने वाले अब्बास अंसारी की स्नातक तक पढ़ाई की है। उन पर कोई भी अपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उनकी कुल सम्पत्ति 41 लाख 76 हजार 635 रुपये है, जबकि अचल सम्पत्ति के रूप में उनके पास 4 करोड़ हैं, और उनके पास 2 लाख रुपये नगदी हैं।